महाराष्ट्र: महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी में सरकार द्वारा संचालित इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल के बाहर सेवाओं में सुधार के लिए कुछ लोगों ने प्रदर्शन किया, उन प्रदर्शनकारियों ने कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए अस्पताल का ‘अंतिम संस्कार’ किया।
आसपास के गांवों के निवासी शुक्रवार को मृत अस्पताल का एक बड़ा पोस्टर लाए थे। इन प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल के सामने धरने पर बैठने से पहले उस तस्वीर को माला पहनाई और बाद में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने अस्पताल में फैले कुप्रबंधन और वहां बुनियादी सुविधाओं की कमी की ओर अधिकारियों का ध्यान खींचने की कोशिश की।
बाद में, प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल के अधीक्षक डॉ राजेश मोरे से मुलाकात कर उनके साथ बातचीत की। डॉ मोरे ने कहा कि अस्पताल में तत्काल प्रभाव से 24 घंटे एक हेल्पलाइन चालू की जाएगी और इसके कामकाज में सुधार के लिए पर्याप्त कर्मचारी नियुक्त किए जाएंगे। डॉ मोरे ने आश्वासन दिया कि सेवाओं में सुधार किया जाएगा।