महराजगंज: जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक महाराजगंज श्री सोमेन्द्र मीना (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बरगदवा पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
अपर पुलिस अधीक्षक महाराजगंज श्री सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा श्री अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में दिनांक 02 फरवरी 2026 को समय लगभग 19:34 बजे थाना बरगदवा क्षेत्र अंतर्गत सीमा स्तम्भ संख्या 509/1, बैरियर चेकपोस्ट बदह, ग्राम चकरार के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध नशीली दवाइयाँ, मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल एवं नकद धनराशि बरामद की गई है। पुलिस द्वारा बरामद नशीली दवाओं में 50 शीशी डायजापाम, 50 शीशी बुप्रेनोर्फिन एवं 50 शीशी फेनिरामाइन शामिल हैं। इस प्रकार कुल 150 शीशी नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
इसके अतिरिक्त अभियुक्तों के पास से एक रियलमी मोबाइल C35 (मॉडल RMX3511), एक रियलमी मोबाइल C61 (मॉडल RMX3933), एक मोटरसाइकिल TVS स्टार सिटी (वाहन संख्या UP56 V3045) तथा ₹2022 नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रौशन गुप्ता पुत्र स्वर्गीय राजेन्द्र गुप्ता, निवासी गड़ौरा, थाना ठूठीबारी, जनपद महाराजगंज (उम्र लगभग 19 वर्ष) एवं खालिद पुत्र मुख्तार कुरैशी, निवासी लोहेहली, थाना ठूठीबारी, जनपद महाराजगंज (उम्र लगभग 18 वर्ष) के रूप में हुई है।
उक्त बरामदगी के आधार पर थाना बरगदवा पर मु0अ0सं0 07/2026 धारा 8/21/23 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना बरगदवा पुलिस से उपनिरीक्षक स्वेन्द्र नारायण मिश्र, उपनिरीक्षक शिवम राय, हेड कांस्टेबल अतीक अहमद एवं कांस्टेबल पवन कुमार शामिल रहे। वहीं एसएसबी की संयुक्त टीम में उपनिरीक्षक युवराज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक कुशललाल, आरक्षी मनोज कुमार, आरक्षी विष्णु महेश धनिराम एवं आरक्षी रोहित राणा शामिल थे।
