लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान: कोरोना वायरस ने देशभर में एक बार फिर तेजी से लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। रोजाना हजारों लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो रहे हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के अभियान ‘मैं लड़की हूं लड़ सकती हूं’ के तहत वाराणसी में आयोजित मैराथन को स्थगित कर दिया गया है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि कांग्रेस ने कोरोना के बढ़ते हुए संक्रमण को देखते हुए यह निर्णय लिया है। मैराथन का आयोजन नौ जनवरी को भारत माता मंदिर से बीएचयू सिंहद्वार तक आयोजित किया गया था।
बरेली में मंगलवार को हुई मैराथन में अव्यवस्था के बीच शुरू हुई इस मैराथन में लड़कियों में भगदड़ मच गई थी और कई लड़कियां एक दूसरे के ऊपर गिरकर घायल हो गईं। हालांकि सूत्रों का कहना है बरेली में मैराथन के दौरान हुई घटना के बाद यह फैसला लिया गया है।
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि पार्टी ने नौ जनवरी को आयोजित मैराथन को स्थगित किया है और नयी तारीख का ऐलान जल्द ही किया जाएगा। बताया कि प्रदेश में एक हफ्ते में अचानक से बढ़ते कोरोना के ग्राफ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।