वाराणसी: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 72 वां जन्मदिन है, देश-विदेश से लोग पीएम मोदी को बधाई दे रहे हैं। इस बीच, भारत के प्रधानमंत्री और वाराणसी जिले के सांसद नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विविध आयोजन कर उनकी दीर्घायु की कामना की गई। सुबह मंदिर परिसर में लघु रुद्र पाठ का आयोजन किया गया जिसमें 21 वैदिक ब्राह्मणों ने मंदिर के अर्चक टेक नारायण उपाध्याय के आचार्यत्व में रुद्री पाठ किया गया।
इसके बाद बाबा का षोडशोपचार पूजन कर जलाभिषेक किया गया। जन्मदिन के अवसर पर दो क्विंटल लड्डू का प्रसाद चढ़ाया गया। प्रधानमंत्री के 72वें जन्मदिन पर 72 बटुकों को अंग वस्त्र प्रसाद देकर सम्मानित भी किया गया। इसके बाद मुमुक्षु भवन में रह रहे वृद्धजनों को भी दैनिक उपयोग की चीजें उपहार स्वरूप भेंट की गई और प्रधानमंत्री के दीर्घायु की कामना की गई।
इस मौके पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा, पूर्व मंत्री नीलकंठ तिवारी भाजपा नगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी निखलेश कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
