आगरा: आगरा जिले में मनसुखपुरा के गांव पापरीनागर निवासी मोनू उर्फ मनोहर लाल ने पुलिस पर थर्ड डिग्री टॉर्चर का आरोप लगा है। उसने एसएसपी से शिकायत की है। लेकिन उधर, थाना पुलिस ने आरोप को गलत बताया है।
मोनू उर्फ मनोहर लाल ने एसएसपी आगरा को भेजे शिकायतीपत्र में कहा है कि दोपहर तकरीबन दो बजे वो साथी सौरभ के साथ फतेहाबाद जाने के लिए घर के बाहर खड़ा था। तभी मनसुखपुरा पुलिस पहुंच गई। गाड़ी से पांच पुलिसकर्मी उतरे।
उन्होंने किसी महावीर के बारे में पूछताछ की। उसने जब जानकारी से मना कर दिया। इस पर पुलिसकर्मी बौखला गए। उन्होंने जबरन उसे गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद थाने पर ले आए। इसका पता चलने पर उसकी मां गुड्डी देवी और मौसी माया देवी आ गईं।
युवक का आरोप है कि थाने में पुलिसकर्मियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। रात भर बैठाकर रखा। पानी भी नहीं दिया। हालत बिगड़ने पर शांति भंग में चालान कर दिया। थाना मनसुखपुरा के एसओ कैलाश सिंह ने बताया आरोपी के चाचा महावीर के खिलाफ वारंट जारी हुए हैं।
पुलिस उसे पकड़ने गांव में गई थी। पुलिस पहुंचती, उससे पहले ही मोनू ने घर पर बता दिया, जिससे उसका चाचा भाग गया। जब पुलिसकर्मियों वहां पहुंचे तो मोनू और उसके परिवार के लोगों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता कर दी। उसने जो पिटाई का आरोप लगाया है, वह गलत है।
