हर घर तिरंगा अभियान: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तरफ से देश की आजादी के 75 साल पूरे होने पर पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाने की जोरदार तैयारी की जा रही है। बीजेपी सरकार ने जहां हर घर तिरंगा अभियान के तहत यूपी में चार करोड़ घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 9 अगस्त को क्रांति दिवस पर कन्नौज की तिर्वा तहसील के झउवा में गांव के सभी लोगों को राष्ट्रध्वज देकर पार्टी के हर घर फहरे राष्ट्रध्वज तिरंगा अभियान की शुरुआत करेंगे। यह अभियान 15 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान वह क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारीजनों से भेंट कर उनका सम्मान भी करेंगे।
सपा के इस अभियान के तहत प्रदेश में हर घर तिरंगा फहराया जाएगा। पार्टी अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों से अपने-अपने आवास पर 15 अगस्त को झंडारोहण करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त 1942 का दिन राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक दिवस है। यह आजादी के संघर्ष के शहीदों को नमन करने और उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लेने का भी यह दिन है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 9 अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर ‘देश बचाओं-देश बनाओ‘ समाजवादी पदयात्रा भी शुरू होगी।
