हिंदूराव अस्पताल: दिल्ली के हिंदूराव अस्पताल में वेतन न मिलने की वजह से डॉक्टर, नर्स और अन्य कर्मचारी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। एक तरफ हिंदूराव अस्पताल में डॉक्टरों की हड़ताल के चलते मरीजों को उपचार मिलने में काफी परेशानियां हो रही हैं। वहीं दूसरी ओर इस प्रदर्शन को लेकर उत्तरी दिल्ली नगर निगम प्रशासन ने भी चुप्पी साध ली है। अस्पतालों में मरीजों को ओपीडी में घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है लेकिन समाधान को लेकर कहीं कोई चर्चा नहीं हो रही है।
मंगलवार को दिन भर अस्पताल के रेजीडेंट डॉक्टर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दिखाई दिए। डॉक्टरों का साफ कहना है कि जब तक वेतन नहीं मिलेगा तब तक किसी भी हालत में वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। डॉक्टरों की यहां तक मांग है कि नगर निगम और दिल्ली सरकार की आपसी राजनीति की वजह से उनका हर बार शोषण होता है। दोनों ही राजनैतिक पार्टियां अपने स्वार्थ के चलते डॉक्टर व मरीजों से खिलवाड़ कर रही हैं। डॉक्टरों की हड़ताल के चलते मरीजों को काफी दिक्कतें हो रही हैं।
हिंदूराव अस्पताल की नर्सिंग यूनियन ने बुधवार से डॉक्टरों के साथ हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। यूनियन के अनुसार पिछले पांच महीने से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। जिन कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति हो चुकी है उन्हें भी अब तक निगम से कोई सहायता नहीं मिली है और न ही इन रिक्त पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। ऐसे में अस्पताल की नर्स कर्मचारियों ने भी डॉक्टरों के साथ मिलकर काम छोड़ प्रदर्शन पर बैठने का फैसला लिया है।