सुनील शेट्टी जन्मदिन: बॉलीवुड के रफ एन टफ अभिनेता सुनील शेट्टी आज अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। आज इंडस्ट्री में सुनील शेट्टी की अलग पहचान है। अभिनेता सुनील शेट्टी न सिर्फ अपनी दमदार एक्टिंग और खास तरह की आवाज के लिए फेमस हैं, इन्होंने अपने अभिनय करियर में एक से बढ़कर एक फिल्में की हैं। एक्शन से लेकर लव स्टोरी और कॉमेडी फिल्मों तक सुनील शेट्टी ने अपने अभिनय का लोहा मनवाया है।
अपने तीस वर्ष के करियर में सुनील शेट्टी सौ से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने एक्टिंग में करियर बनाने का सपना देखा ही नहीं था। मगर, जब फिल्मों में काम किया तो यहां इनका जादू चल पड़ा और आज नतीजा सबके सामने है। एक्टिंग के साथ-साथ सुनील शेट्टी बिजनेसमैन भी हैं।
सुनील शेट्टी का जन्म 11 अगस्त 1961 को कर्नाटक के मैंगलोर के मुल्की में हुआ था। सुनील शेट्टी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत वर्ष 1992 में आई फिल्म ‘बलवान’ से की थी। इस फिल्म के बाद वह एक्शन हीरो बनकर उभरे। साल 1994 में आई फिल्म ‘मोहरा’ ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी और 2001 में आई ‘धड़कन’ ने सुनील को लोकप्रिय बना दिया। इनके अलावा ‘दिलवाले’, ‘अंत’, ‘गोपी किशन’, ‘कृष्णा’, ‘रक्षक’, ‘बॉर्डर’, ‘भाई’, ‘हेराफेरी’ जैसी सौ से ज्यादा फिल्मों में एक्टर काम कर चुके हैं।
अभिनेता सुनील शेट्टी की पत्नी का नाम माना शेट्टी है और इनकी एक बेटी अथिया शेट्टी और बेटा अहान शेट्टी है,सुनील शेट्टी को महंगी और लग्जरी गाड़ियों का बेहद शौक है। सुनील शेट्टी के पास करोड़ों की प्रॉपर्टी है। वह लग्जरी लाइफ जीते हैं। 2021 की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक्टर की सालाना इनकम करीब 100 करोड़ रुपये है। बता दें कि सुनील शेट्टी को बॉलीवुड में सब अन्ना के नाम से पुकारते हैं। मगर, रिपोर्ट्स के मुताबिक सुनील शेट्टी को एक्टिंग का कोई शौक नहीं था। वह तो क्रिकेटर बनना चाहते थे, इसलिए स्पोर्ट्स पर उनका ज्यादा फोकस था।
