आगरा: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पदभार संभालते ही एक्शन मोड में चल रहे हैं, इन दिनों उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक कई अस्पतालों पर अचानक पहुँचकर स्वास्थ सेवाओं का जायजा ले रहे हैं l उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक का औचक निरीक्षण अभियान जारी है। इसी क्रम में शनिवार को वह आगरा के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं का हाल देखने पहुंच गए।
उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। उपमुख्यमंत्री के अचानक आने की सूचना पर स्वास्थ्यकर्मियों में खलबली मच गई। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक शाम को करीब सात बजे एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड के बाहर बैठे मरीजों से पूछताछ की। एक मरीज के पैर में चोट थी। उसने बताया कि उसे परसों भर्ती किया गया था, बिना ठीक हुए डिस्चार्ज कर दिया गया।
उपमुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए मरीज को दोबारा भर्ती कराया। चिकित्सकों को मरीज के उचित उपचार करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने अन्य वार्डों में जाकर व्यवस्थाओं को देखा। भर्ती मरीजों से सेवाओं के बारे में जानकारी ली। खामियां मिलने पर नाराजगी जताते हुए सुधार करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि इस तरह की गलती दोबारा मिली तो सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
