ताजमहल: मुगल बादशाह शाहजहां का 369वां उर्स 6 फरवरी यानि आज से शुरू हो रहा है। मुगल बादशाह शाहजहां के उर्स पर ताजमहल में 3 दिन फ्री एंट्री रहेगी। शाहजहां के तीन दिवसीय उर्स के दौरान 7 फरवरी को दोपहर बाद और 8 फरवरी को पूरे दिन ताजमहल में प्रवेश निशुल्क रहेगा।
ताजमहल में छह से आठ फरवरी तक शाहजहां का उर्स आयोजित किया जाएगा। शाहजहां उर्स से जुड़ी कमेटियों और अधिकारियों के बीच बैठक हुई। ताजमहल में तीन दिवसीय उर्स का आगाज मंगलवार को गुस्ल की रस्म के साथ होगा। इसके बाद फातिहाख्वानी और मुशायरे का आयोजन किया जाएगा।
ताजमहल उर्स कमेटी के अध्यक्ष सैयद इब्राहीम जैदी ने बताया कि गुस्ल के लिए शाहजहां और मुमताज की असली कब्रों वाला मुख्य मकबरा दोपहर दो बजे खोला जाएगा। तब कमेटी के सदस्य रस्में अदा करेंगे। इसके बाद जायरीन और अन्य अकीदतमंद मुफ्त में शाम तक ताज में निशुल्क प्रवेश कर सकेंगे। बुधवार को भी दोपहर दो बजे के बाद ताज में प्रवेश निशुल्क रहेगा। बृहस्पतिवार को पूरे दिन प्रवेश निशुल्क रहेगा। सतरंगी चादरें भी उसी दिन पेश की जाएंगी।
ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित दरगाह पर 6 फरवरी से 8 फरवरी तक उर्स का आयोजन किया जाएगा। 6 फरवरी को रात 8:30 बजे मिलाद-शरीफ, 7 फरवरी को रात 9 बजे कव्वाली, 8 फरवरी को कुल शरीफ का आयोजन होगा। उर्स के मौके पर मुगल बादशाह शाहजहां और मुमताज महल की असली कब्रों को खोला जाएगा। सैलानी निशुल्क असली कब्रों का दीदार कर सकेंगे।
