लखनऊ: उत्तर प्रदेश में यूपी पुलिस परीक्षा रद्द होने से मेहनत करने वालो का सपना टूट गया। इसी क्रम में यूपी पुलिस में सिपाही की भर्ती के लिए हुई परीक्षा रद्द होने से दुखी परीक्षार्थी ने लखनऊ में फांसी लगाकर जान दे दी। अभ्यर्थी बहन के घर रहकर कई सालों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। मृतक के परिजनों के मुताबिक 17 फरवरी को उसने सिपाही भर्ती की परीक्षा दी थी। तीन दिन पहले परीक्षा रद्द होने से वह निराश था। इसी के चलते जान दे दी।उनके परिवार में सेना से सेवानिवृत्त पिता रमेश चंद्र, मां और एक बड़ा भाई है।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर जनपद निवासी रजनीश उर्फ विनय (25) पीजीआई के द्वारकापुरी में बहन पिंकी के घर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। रजनीश उर्फ विनय पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का अभ्यर्थी था। रजनीश ने 17 फरवरी को सिपाही भर्ती की परीक्षा दी थी। परीक्षा काफी अच्छी होने से रजनीश खुश थे। मगर तीन दिन पहले परीक्षा रद्द कर दी गई। इससे रजनीश दुखी थे। वह तीन दिन से गुमसुम थे।
रात घर वालों के साथ बैठकर खाना खाने के बाद रजनीश तीसरी मंजिल के कमरे में सोने चले गए। सुबह पिंकी ने रजनीश को जगाने के लिए कई बार फोन किया मगर कॉल रिसीव नहीं हुई। इस पर वह तीसरी मंजिल पर गईं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पिंकी ने भीतर झांका तो रजनीश का शव छत के कुंडे में गमछे से बंधे फंदे पर लटका रहा था। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा और छानबीन कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिंकी के अनुसार रजनीश ने बीटीसी किया था। कुछ वक्त पहले उन्होंने लेखपाल भर्ती की परीक्षा दी थी जिसमें स्टे हो गया था। इसके बाद सिपाही भर्ती की परीक्षा दी मगर यह परीक्षा रद्द हो गई। भविष्य और नौकरी को लेकर रजनीश काफी परेशान थे।
बता दें कि यूपी में पिछले शनिवार और रविवार को पुलिस भर्ती की परीक्षा कराई गई। वहीं अब कई जगहों से पेपर लीक होने की खबरें सामने आने के बाद पुलिस भर्ती की परीक्षा अभी रद्द कर दी गई हैं।