मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित पूर्व राज्यपाल व पूर्व सीएम कल्याण सिंह अलीगढ़ में अतरौली के गांव मढ़ौली में जन्मे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे कल्याण सिंह की आज तीसरी पुण्यतिथि है। उनकी पुण्यतिथि पर पिछले वर्ष आयोजित किया गया हिंदू गौरव दिवस इस बार लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने जा रहा है। इसमें जिले से पांच हजार लोगों के लखनऊ पहुंचने की तैयारी है। जिसमें यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।
कल्याण सिंह की दूसरी पुण्यतिथि पर पिछले वर्ष नुमाइश मैदान में हिंदू गौरव दिवस मनाया गया था। उसी दिन यह घोषणा की गई कि यह आयोजन प्रतिवर्ष होगा। उसी क्रम में यह आयोजन इस बार लखनऊ में हो रहा है। बता दें कि मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित पूर्व राज्यपाल व पूर्व सीएम कल्याण सिंह बाल्यकाल से ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़ गए थे।
1992 में अयोध्या में विवादित ढांचा टूटने के बाद कल्याण सिंह हिंदुत्व छवि वाले नेता के रूप में पहचाने गए। हिंदू हृदय सम्राट। हिंदुत्व के नायक। राम मंदिर आंदोलन के नायक। सरीखी अनगिनत उपाधियों से नवाजे गए। स्व. कल्याण सिंह
शुरुआत से ही एक नारा देते थे कि गांव खुशहाल तो देश खुशहाल। मेरा बूथ, दस यूथ। इस नारे के सहारे वे पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करते थे। कल्याण सिंह का जीवन हिंदुत्व व राम मंदिर के लिए संघर्ष भरा रहा। कल्याण सिंह पिछड़े वर्ग के बड़े नेता के तौर पर जाने जाते रहे। कल्याण सिंह विधायक, स्वास्थ्य मंत्री रहे, दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। बाद में राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल भी रहे। वह दस बार अतरौली से विधायक का चुनाव जीते और बुलंदशहर व एटा से क्रमश: 2004 व 2009 में सांसद निवार्चित हुए।
