बिहार: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद पहली बार बिहार में गया के दौरे पर आ रहे हैं। सरकार नालंदा विश्वविद्यालय को पुराना वैभव दिलाने के प्रयास में जुट गई है। मौजूदा नालंदा विश्वविद्यालय को सरकार वैसा ही वैभव दिलाना चाहती है, जैसा 800 साल पहले था। सरकार विश्वविद्यालय को शिक्षा का नया केंद्र बनाना चाहती है।
पीएम मोदी आज प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के पास नए कैंपस का आज उद्घाटन करेंगे। बताया गया कि विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी में करीब 8 लाख किताबें रहेंगी। 2010 में इस विश्वविद्यालय की स्थापना होने के बाद से ही यह अस्थाई भवन में चल रहा था। जिसके बाद 2017 में नए कैंपस का निर्माण शुरू किया गया था। पांचवीं सदी में बने प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय में करीब 10 हजार छात्र पढ़ते थे, जिनके लिए 1500 अध्यापक हुआ करते थे। 12वीं शताब्दी में आक्रमणकारियों ने इस विश्वविद्यालयों को नष्ट कर दिया था। इसके बाद अब इस प्राचीन विश्वविद्यालय का नया कैंपस बनकर तैयार हुआ है, जिसका उद्घघाटन आज देश के प्रधानमंत्री करने वाले हैं।
पीएम यहां सेना के विशेष विमान से आएंगे। इसके बाद पीएम राजगीर के लिए रवाना होंगे। जहां वे राजगीर अंतरराष्ट्रीय नालंदा विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होंगे और नालंदा विश्वविद्यालय के नव निर्मित कैंपस का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर जिला पुलिस और जिला प्रशासन के साथ साथ स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह अलर्ट है। उसके साथ ही गया एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है। जिले के विभिन्न होटलों की जांच की गई है। साथ ही होटल में ठहरने वाले लोगों की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। सड़को पर सुरक्षाबलों ने फ्लैग मार्च भी निकाला।
