मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के कंकरखेड़ा क्षेत्र में भाजपा विधायक के सिपाही ने अभद्रता दिखाई, उसने एक महिला से घर के बाहर सरेआम अभद्रता करते हुए कई थप्पड़ मार दिए। सिपाही अभद्रता करता रहा, लेकिन कोई महिला को बचाने नहीं आया। पीड़ित महिला ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। बावजूद इसके आरोपी सिपाही के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। पीड़ित महिला ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
राजनगर कॉलोनी में महिला अपने बेटों के साथ रहती हैं। उनके पति आर्मी में हैं और आगरा में तैनात हैं। महिला ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उन्होंने छह वर्ष पूर्व कॉलोनी में मकान बनाया था। उनके सामने का प्लॉट खाली है। यहां वह कपड़े सुखाती हैं। उनके पड़ोस में सहारनपुर निवासी सिपाही परिवार के साथ किराए पर रहता है।
सिपाही वर्तमान में भाजपा विधायक का गनर है। वह कालोनी में दबंगई दिखाता है। पीड़ित महिला का आरोप है कि कुछ दिनों से सिपाही खाली प्लॉट के सामने गाड़ी खड़ी कर रहा है। तीन दिन पूर्व महिला प्लॉट में सूख रहे कपड़ों को लेने जा रही थी तो सिपाही ने महिला के साथ गाली गलौज कर दी।
महिला ने विरोध किया तो सिपाही ने महिला के साथ अभद्रता करते हुए कई थप्पड़ जड़ दिए। महिला के बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित परिवार एसएसपी प्रभाकर चौधरी से मिला। एसपी ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाने का आश्वासन दिया।