यूपी: पिछले दो वर्षों की तरह इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर उच्च स्तरीय बैठक में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की विभिन्न ऐतिहासिक घटनाओं में काकोरी ट्रेन एक्शन अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश सरकार काकोरी ट्रेन एक्शन के शताब्दी महोत्सव को पूरे राज्य में विभिन्न गतिविधियों के साथ वर्षपर्यंत धूमधाम से मनाएगी।
इस वर्ष 9 से 15 अगस्त के मध्य प्रदेशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन के शताब्दी महोत्सव की शुरुआत आगामी 9 अगस्त से होगी। इस अवसर पर प्रदेश के शहीद स्मारकों, स्मृति स्थलों, अमृत सरोवरों के तट पर वृहद रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। समारोह में शहीदों के परिजनों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाए। इन कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों, किशोरों, युवाओं का सहयोग व सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, पैरामिलिट्री, मिलिट्री, एनसीसी व स्कूलों के बैंड का प्रशिक्षण कराते हुए 9 से 15 अगस्त तक प्रदेश के शहीद स्थलों, स्मारकों इत्यादि पर राष्ट्रधुन व राष्ट्रभक्ति के गीत बजाए जाएं। युवक व महिला मंगल दल, स्काउट गाइड, एनसीसी, एनएसएस के स्वयंसेवकों को भी काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव व हर घर तिरंगा कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। लखनऊ व शाहजहांपुर में शहीद मेले का आयोजन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा विगत वर्षों में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश ने सर्वाधिक झंडे फहराने का रिकॉर्ड बनाया। उसी प्रकार इस वर्ष भी 9 से 15 अगस्त के मध्य पूरे प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान आयोजित किया जाए। हर घर तिरंगा अभियान के दृष्टिगत संबंधित विभागों द्वारा झंडों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को झंडे खरीदने के लिए बेहतर व्यवस्था की जाए तथा विभिन्न माध्यमों का उपयोग करते हुए झंडे को फहराने की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए। प्लास्टिक के झंडों का उपयोग कतई न किया जाए। हर घर तिरंगा अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की फोटो, वीडियो, सेल्फी पोर्टल पर अपलोड भी किया जाए।