आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सामाजिक परिवर्तन यात्रा के साथ पहुंचे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 12 अक्तूबर से मथुरा से निकली यह यात्रा अब तक 65 जिलों का दौरा कर चुकी है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि चुनाव आ गया है और भाजपा के लोग जनता को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। भाजपा जाति धर्म की राजनीति कर रही है। जाति, धर्म और मजहब के नाम पर राजनीति कब तक चलेगी। भाजपा के लोग यहां के लोगों को कीड़े-मकोड़े समझ कर यहां के लोगों का अपमान कर रहे हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव में सपा से गठबंधन के सवाल पर कहा कि वह सपा से गठबंधन और विलय करने के लिए तैयार हैं लेकिन अपनों के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। अगर उचित सम्मान मिला तो गठबंधन या विलय हो सकता है।
अभी तक इस बारे में अखिलेश यादव से आमने-सामने बात नहीं हुई इै। 22 नवंबर को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन है और इस दिन सैफई में दंगल का आयोजन होगा। ऐसे में मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन के दिन दोनों दलों में समझौता हो सकता है।
