यूपी चुनाव 2022: रविवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी गोरखपुर पहुंच गई। यहां चंपा देवी पार्क से गोरखपुर-बस्ती मंडल की 41 सीटों को एक साथ साध रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार जनता के खिलाफ आग उगल रही है। लोगों को मदद की जगह अत्याचार हो कर रही है।
रैली की तैयारी के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय से लेकर राज्यस्तर के नेता गोरखपुर में जुटे हुए हैं। प्रतिज्ञा रैली के माध्यम से दोनों मंडलों के लोगों से महिलाओं को 40 प्रतिशत सीटों पर हिस्सेदारी, किसानों का पूरा कर्ज माफ, बिजली बिल हाफ और कोरोना काल का पूरा बकाया साफ करने, 20 लाख को सरकारी रोजगार देने जैसे वादों को ‘हम वचन निभाएंगे’ नारे की प्रतिज्ञा लेंगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि सपा, भाजपा और बसपा ने चीनी मिलों को औने-पौने दामों पर नीलाम कर दिया। यूपी के बुनकर और किसान हताश है, निराश है, हैरान है, परेशान है। हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री संत हैं, महंत हैं लेकिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री झूठ बोलने के अलावा कभी सच नहीं बोलते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी से पूछना चाहता हूं ‘आपने कौन सा ऐसा काम किया, पांच बार सांसद रहे और अब मुख्यमंत्री हैं लेकिन गोरखपुर में गली गली में कमर से ऊपर तक पानी भरा हुआ है। इस सरकार ने गन्ना, गंडक, गरीबी के लिए कोई काम नहीं किया।
