यूपी चुनाव 2022: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के बाद रविवार को बसपा के पिछड़े चेहरे के रूप में पहचान बनाने वाले रामअचल राजभर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पहले ही सपा के साथ चुनावी गठबंधन की घोषणा कर चुके हैं।
रामअचल के सपा में आने से अब राजभर मतों में बिखराव थम सकता है। पूर्वांचल में भी पिछड़ा समाज में अपनी पैठ रखने वाले रामअचल अवध क्षेत्र में भी सपा को फायदा पहुंचा सकते हैं। दरअसल, राजभर मतों को साधने के लिए भाजपा ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले सुभासपा को अपने साथ लिया था।
सुभासपा के बाद अब बसपा से निकाले गए रामअचल राजभर के सपा में आने के बाद वाराणसी के अलावा सलेमपुर, बलिया, मऊ, गाजीपुर सहित अन्य जिलों में राजभर समाज को सपा की ओर से लाने का प्रयास होगा। जैसा कि पूर्वांचल में राजभर वोट 12 से 15 फीसदी है।