यूपी चुनाव 2022: चुनाव प्रभारी नियुक्त होने के बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पहली बैठक में भाजपा के यूपी चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि देश के विकास एवं मजबूती के लिए प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनना आवश्यक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व ने प्रदेश के प्रति धारणा को बदलकर यूपी को देश का नंबर वन प्रदेश बना दिया है।
प्रधान ने साफ कहा कि चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी यहां केवल मदद के लिए आए हैं। चुनाव जिताने का काम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित प्रदेश के नेताओं को ही करना है। प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार से लेकर कोरोना महामारी के प्रबंधन में योगी सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है। प्रदेश सरकार के काम को देश ही नहीं विश्व स्तर पर सराहा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतनी मजबूती से बड़े-बड़े काम इसलिए कर पा रहे हैं क्योंकि यूपी जैसा बड़ा प्रदेश उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। केंद्र सरकार की ताकत बनी रहे इसलिए उत्तर प्रदेश में पूरी ताकत के साथ विधानसभा चुनाव जीतना है।
उन्होंने कहा कि मैं भाग्यशाली हूं जो यहां का प्रभारी बना। यूपी जैसे बड़े और महत्वपूर्ण प्रदेश में चुनाव प्रभारी बनाया, सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से वे इस जिम्मेदारी को पूरा करेंगे।
