यूपी चुनाव 2022: उत्तर प्रदेश में प्रथम चरण के मतदान के लिए दिग्गज नेताओं का प्रचार अभियान बहुत जोरों- शोरो पर है। बृहस्पतिवार को कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी रामपुर और मुरादाबाद आएंगी। रामपुर में वो तीन विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार करेंगी। जिसमें दो रोड शो और दो स्थानों पर जनसभा शामिल है। अपनी ससुराल मुरादाबाद में प्रियंका गांधी जामा मस्जिद चौराहे से बारादरी तक लोगों से जनसंपर्क करेंगी।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी का बृहस्पतिवार को रामपुर दौरे का कार्यक्रम पार्टी पदाधिकारियों को प्राप्त हो गया है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र देव गुप्ता ने बताया कि प्रियंका गांधी बृहस्पतिवार को सुबह सड़क मार्ग से रामपुर पहुचेंगी। रामपुर पहुंचने के बाद प्रियंका गांधी सबसे पहले गांधी समाधि पर जाकर पुष्प अर्पित करेंगी। इसके बाद शाहबाद गेट से बाजार नसरुल्ला खां चौकी चौक तक रोड शो और जनसंपर्क करेंगी।
इसके साथ ही शुतरखाना और बिलासपुर गेट पर प्रियंका गांधी का कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। रामपुर शहर विधानसभा में रोड शो होने के बाद वो बिलासपुर पहुंचेंगी और यहां पर भी रोड शो और जनसंपर्क करेंगी। इसके बाद सोमवार की बाजार मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके बाद चमरौआ विधानसभा क्षेत्र के नगलिया आकिल गांव में जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके वो सड़क मार्ग से मुरादाबाद आएंगी। वह शहर में डोर टू डोर जनसंपर्क कर पार्टी प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगी।