दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली समेत आस-पास के इलाकों में कड़ाके की ठंड का जारी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पंजाब समेत उत्तर पश्चिम भारत में एक दिन की मामूली राहत के बाद गलन वाली ठंड फिर बढ़ गई है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। गणतंत्र दिवस के एक दिन बाद तक न तो कोहरे से और न ही गलन वाली ठंड से राहत मिलने वाली है। पहाड़ी इलाकों में 25 के बाद बारिश और बर्फबारी की भी संभावना है और अगर संभावना हकीकत में बदली तो और ठंड बढ़ेगी।
मौसम की वजह से आने-जाने वाली उड़ानों और ट्रेन यातायात्र पर खासा असर देखने को मिला। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बुधवार सुबह कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानों में देरी हुई। वहीं दूसरी तरफ 28 ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से पांच घंटे या उससे अधिक की देरी से हैं।
मौसम विभाग की ओर से 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस तक कोहरे की भविष्यवाणी की है। वहीं 27 और 28 जनवरी को भी कोहरा छा सकता है। आईएमडी ने बताया कि 26 जनवरी की सुबह तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए 24 जनवरी को भीषण ठंड और घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। राजस्थान और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट और हिमाचल, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले इलाके और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 27 जनवरी तक अलग-अलग राज्यों में कोहरे और ठंड को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि ठंड तो दिन भर बनी रहेगी, लेकिन घना कोहरा खासतौर पर रात और सुबह के समय देखा जाएगा। अभी भी पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है।
