करतारपुर कॉरिडोर पंजाब कांग्रेस में सियासी घमासान का बड़ा कारण बन गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उनके कुछ करीबी मंत्रियों की करतारपुर यात्रा को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू काफी खफा है। जानकार सूत्रों के मुताबिक सिद्धू की नाराजगी का कारण यह है कि करतारपुर कॉरिडोर जाने वाले पहले जत्थे में उनका नाम शामिल नहीं था।
दरअसल पंजाब सरकार की ओर से गृह मंत्रालय को भेजे गए नामों में सिद्धू का नाम पहले जत्थे में शामिल नहीं था। इस कारण उन्हें पहले जत्थे के साथ जाने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसे लेकर सिद्धू मुख्यमंत्री चन्नी से काफी नाराज हैं। सिद्धू के समर्थक भी पंजाब सरकार को घेरने में जुट गए हैं। मुख्यमंत्री चन्नी की करतारपुर यात्रा राज्य में सियासी घमासान का बड़ा कारण बन गई है। सिद्धू और चन्नी के बीच वैसे ही तनातनी का दौर चलता रहा है और अब करतारपुर कॉरिडोर को लेकर दोनों के बीच नया सियासी तनाव पैदा हो गया है।
