सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र स्थित दुद्धी को जिला बनाने की मांग लंबे समय से चल रही है। दुद्धी को जिला बनाने के लिए संघर्ष समिति की भूख हड़ताल शुरू होने से पहले शुक्रवार को पुलिस-प्रशासन के अफसरों से प्रदर्शनकारियों की जमकर नोकझोंक हुई। अफसरों पर जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाया।
दुद्धी को जिला बनाओ संघर्ष समिति ने तहसील परिसर में 30 घंटे की भूख हड़ताल निर्धारित की थी। इसके लिए सुबह टेंट-तंबू लगाया जा रहा था। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे उखड़वा दिया। पुलिस का कहना था कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है, लिहाजा आंदोलन नहीं किया जा सकता।
पुलिस की यह बात सुनते ही लोग उग्र हो गए। कोतवाली प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने तहसील परिसर खाली कराकर फोर्स लगा दी। क्रोधित प्रदर्शनकारी कचहरी पहुंच गए। यहां से जुलूस निकालकर नारे लगाते हुए तहसील तिराहा पहुंचे। नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर में घुस गए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उनके आगे पुलिस नाकाम रही।
समिति के अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि ने कहा कि प्रस्तावित भूख हड़ताल से पहले ही स्थानीय शासन प्रशासन को अवगत करा दिया गया था। मौखिक अनुमति भी मिल गई थी, लेकिन जानबूझकर इसमें अवरोध डाला गया। लोगों को भड़काने की कोशिश की गई है। प्रशासन का यह दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संघर्ष मोर्चा अब आर पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।
रामलीला मंच पर समिति के अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि, महासचिव प्रभु सिंह कुशवाहा, अवध नारायण यादव, उदयलाल मौर्य, अनिल कुशवाहा, शिवशंकर आदि भूख हड़ताल पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई। कुछ देर बाद तहसीलदार सुरेश चंद शुक्ला मौके पर पहुंचे। संघर्ष समिति के लोगों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।
