देहरादून-मसूरी: मसूरी में लगने वाले ट्रैफिक के साथ ही सुरक्षित पर्यावरणीय दृष्टि से यात्रियों को सुविधाजनक यातायात का साधन सुलभ करने के लिए देहरादून और मसूरी के बीच रोप-वे निर्माण को सरकार के स्तर से सभी अनुमति हो चुकी है। देहरादून-मसूरी के बीच प्रस्तावित रोपवे प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय लोग सहमत तो हैं लेकिन उनकी यह सहमति सशर्त है। स्थानीय लोगों की शर्त है कि इस प्रोजेक्ट के साथ उनके लिए रोजगार के अवसर भी दिए जाएं और क्षेत्र का विकास भी किया जाए। इस जनसुनवाई में स्थानीय लोगों के समर्थन के बाद प्रोजेक्ट आगे बढ़ा है।
देहरादून और मसूरी के बीच बनने वाले रोपवे से टर्मिनल की ऊंचाई का अडंगा भी खत्म हो गया है। कैबिनेट बैठक में निर्माण के बायलॉज में राहत देते हुए टर्मिनल को निर्धारित ऊंचाई तक निर्माण की अनुमति दे दी गई। दरअसल, ऊंचाई और रोप-वे की लंबाई की वजह से इसमें ऊंचे-ऊंचे टर्मिनल बनाए जाने हैं। लेकिन बायलॉज के हिसाब से इतनी ऊंचाई पर टर्मिनल का निर्माण नहीं किया जा सकता है। इसके चलते रोप-वे के निर्माण में रुकावट आ रही थी।
देहरादून से मसूरी के लिए प्रस्तावित रोपवे एशिया का दूसरा सबसे बड़ा रोपवे होगा। रोपवे की लंबाई 5.5 किमी होगी। जो हांगकांग के गोंगपिंग रोपवे की लंबाई 5.7 किमी से महज सौ मीटर कम है। इस रोपवे के बनने से दून से मसूरी मात्र 15-18 मिनट में पहुंच जाएंगे।