दर्दनाक हादसा: रविवार को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के चिरमार गांव में एक बहुत दर्दनाक घटना घटी। दो चचेरी बहन मुंबई से गांव-घर घूमने के लिए आजमगढ़ आईं थीं। दोनों किशोरियों की पोखरी में डूबने से मौत हो गई। 16 मार्च को उनका मुंबई जाने का टिकट था। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।बेटियों को खोकर बिलख रहे परिजनों को देखकर लोगों का कलेजा कांप उठा। पूरे गांव में सन्नाटा छा गया।
पवई थाना क्षेत्र के चिरमार गांव निवासी नजमा 14 वर्ष पुत्री मो. ताहिर और फारेहा 13 वर्ष पुत्री अजीज मुंबई में अपने चाचा शकील के साथ रहकर पढ़ाई करती थी। नजमा कक्षा नौ और फारेहा कक्षा आठ की छात्रा थी। 15 दिन पहले वह अपने चाचा के साथ गांव-घर घूमने के लिए आई थी।
रविवार वह घर के पीछे स्थित पोखरी के किनारे खेल रही थी। तभी नजमा का पैर फिसला और पोखरी में जा गिरी उसे बचाने के चक्कर में फारेहा भी पोखरी में गिर गई। डूबने के दौरान चीख- पुकार सुनकर बचाने के लिए पहुंचे पर लोगों का प्रयास भी व्यर्थ हो गया। बेटियों की चीख की भनक लगी तो परिजन भागकर मौके पर पहुंचे तो नजारा देख सन्न रह गए।आननफानन दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एक झटके में परिवार की दो बेटियों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
