UP Election 2022: यूपी चुनाव 2022 को देखते हुए चुनावी समर्मियां काफी तेज हो गयी है, यूपी में सियासी उठापटक का दौर जारी है। एक पार्टी को छोड़कर दूसरी पार्टी मे जाने का दौर शुरू हैं, इसी क्रम में चिल्लूपार से विधायक व बसपा से निष्कासित विनय शंकर तिवारी और संतकबीरनगर की खलीलाबाद सीट से भाजपा विधायक जय चौबे रविवार को लखनऊ में सपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। सदस्यता ग्रहण समारोह को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है। आगामी विधानसभा चुनाव में दोनों को वर्तमान सीटों से ही प्रत्याशी बनाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सपा ने भाजपा व बसपा को तगड़ा झटका दिया है। पार्टी के थिंक टैंक ने पहले चिल्लूपार से बसपा विधायक विनय शंकर तिवारी को अपने पाले में लाने पर काम किया। इसकी भनक लगते ही बसपा ने विनय शंकर को पार्टी से बाहर कर दिया। इस बीच भाजपा से असंतुष्ट चल रहे खलीलाबाद से भाजपा विधायक जय चौबे को भी सपा में लाने की मुहिम पर काम हुआ, जो अब सफल हो गया है।
यही नहीं, विधान परिषद के पूर्व अध्यक्ष गणेश शंकर पांडेय व संतकबीरनगर से बसपा के पूर्व सांसद कुशल तिवारी भी सपा का दामन थामेंगे। गणेश शंकर को एमएलसी तो कुशल तिवारी को लोकसभा चुनाव लड़ाया जा सकता है। गोरखपुर-बस्ती मंडल के कुछ और ब्राह्मण विधायक सपा के संपर्क में हैं। देवरिया के एक भाजपा विधायक के भी सपा की सदस्यता ग्रहण करने की उम्मीद है। हालांकि विधायक ने अभी तक पत्ते नहीं खोले हैं। इसी तरह कुछ और भाजपा विधायक सपा का दामन थाम सकते हैं।
खलीलाबाद से भाजपा विधायक जय चौबे की क्षेत्र में अच्छी पकड़ है। जिला पंचायत व ब्लॉक प्रमुख चुनाव में वह ताकत का एहसास भी करा चुके हैं। भाजपा की ताकत व सत्ता के बावजूद जय चौबे ने अपने जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख को चुनाव में जीत दिला दी। इससे भाजपा से खटास और बढ़ गई। अब जय चौबे लाल टोपी पहनने जा रहे हैं। जो उम्मीद जताई जा रही है, उसके मुताबिक जय चौबे को सपा खलीलाबाद से अपना प्रत्याशी बना सकती है।
