पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव: अगले साल पांच राज्यों में चुनाव होने वाले हैं। विधानसभा चुनाव 2022 को देखते हुए चुनावी समर्मियां काफी तेज हो गयी है, सियासी दलों द्वारा प्रचार प्रसार शुरू है। सियासी उठापटक का दौर जारी है।
हर राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच पांच राज्यों यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान आज होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा शाम 3.30 बजे प्रेसवार्ता आयोजित कर पांचो राज्यों का चुनावी कार्यक्रम जारी करेंगे। माना जा रहा है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए चुनाव आयोग कुछ नए नियम भी लागू कर सकता है। इसके तहत चुनावी रैलियों, मतदान केंद्रों से लेकर भीड़ प्रबंधन पर कुछ प्रतिबंध लागू हो सकते हैं।
कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट की वजह से मामले बढ़ने के बीच चुनाव आयोग से यूपी के सियासी दलों ने समय पर चुनाव कराने की मांग की है और आयोग चुनाव इसके लिए तैयार है। सियासी दलों की राय जानने के लिए आयोग ने तीन दिन का यूपी दौरा भी किया था और गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने प्रेस कांफ्रेंस करके यह बताया कि सभी दलों ने कहा कि कोरोना प्रोटोकॉल को फॉलो करते हुए चुनाव कराए जाएं।
उनके मुताबिक सभी दल समय पर चुनाव चाहते हैं। लेकिन कुछ दल ज्यादा रैलियों के खिलाफ हैं और रैलियों की संख्या कम करने को कहा है। उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों ने घनी बस्तियों में पोलिंग बूथ बनाने का भी सुझाव दिया है।