बीआरओ: आज सीमा सड़क संगठन अपना स्थापना दिवस मना रहा है, देश के सीमावर्ती क्षेत्रों में ढांचागत विकास के के साथ संगठन अपनी शानदार सेवा के 63 वर्ष पूरे कर रहा है l शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के 63वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस दौरान उन्होंने कहा, पिछले छह दशकों से सीमा सड़क संगठन सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास का एक मजबूत स्तंभ बना हुआ है। 1960 में दो प्रोजेक्ट से बढ़कर अब ये 18 प्रोजेक्ट तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा आज बीआरओ मित्र राष्ट्रों में भी अपनी सेवाएं देकर उन्हें हमसे जोड़ने का काम कर रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा सीमा सड़क संगठन ने अटल सुरंग का निर्माण करके पूरी दुनिया को अपना इंजीनिरिंग कौशल दिखाया। उन्होंने कहा मानव सभ्यता की यात्रा के लिए सड़कों काफी महत्वपूर्ण होती हैं।
पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास का उदाहरण देते हुए सिंह ने कहा कि यह अब देश के समग्र विकास के लिए “नया प्रवेश द्वार” बन गया है। उन्होंने कहा, शिक्षा हो या स्वास्थ्य, व्यापार या खाद्य आपूर्ति, सेनाओं की सामरिक जरूरतें, उद्योग या सामाजिक- आर्थिक प्रगति के अन्य कार्य, सड़कों और पुलों की भूमिका महत्वपूर्ण है। बीआरओ अब तक 60,000 किमी सड़क, 850 पुल, 19 हवाई पट्टी और 4 सुरंगों का निर्माण कर चुका है।
रक्षा मंत्री ने कहा, भारत की सीमाओं की रक्षा करने वालों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं मुहैया कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राजनाथ सिंह ने सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए बीआरओ की सराहना करते हुए कहा, सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास सुनिश्चित करना सरकार की व्यापक रक्षा रणनीति का एक प्रमुख हिस्सा है।