यूपी चुनाव 2022 : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण का प्रचार शुक्रवार शाम थम गया। इस चरण में 16 जिलों की 59 सीटों पर रविवार को वोट डाले जाएंगे। शुक्रवार शाम को प्रचार थमने से पहले सभी दलों ने अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए पूरी ताकत लगा दी। तीसरे चरण में मुख्य रूप से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, प्रदेश के मंत्री सतीश महाना, नीलिमा कटियार, राम नरेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव व रामवीर उपाध्याय की किस्मत का फैसला होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि तीसरे चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, इटावा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरैया, कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर व महोबा जिले में मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। तीसरे चरण में 2.15 करोड़ मतदाता 627 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
इस चरण के लिए 15553 मतदान केंद्र और 25741 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। तीसरे चरण में सबसे अधिक 15-15 प्रत्याशी एटा, ललितपुर की मेहरौनी और महोबा सीट पर हैं। जबकि सबसे कम मात्र तीन प्रत्याशी मैनपुरी की करहल सीट पर हैं। यहां सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का मुकाबला केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल और बसपा के कुलदीप नारायण से है।
सीएम योगी ने मैनपुरी के करहल तथा कानपुर में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में सभाएं व रोड शो किया। दूसरी तरफ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जालौन व कानपुर में पार्टी उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे। इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, सपा के शिवपाल सिंह यादव समेत बसपा व कांग्रेस के अन्य नेता भी तीसरे चरण के चुनाव वाले क्षेत्रों में डटे रहे।
