राजनीति: नीतीश कुमार तमाम अटकलों के बाद रविवार सुबह राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को इस्तीफा सौंप महागठबंधन से अलग हो चुके हैं। नीतीश कुमार ने INDIA गठबंधन से छिटककर और NDA के साथ मिलकर बिहार में नई सरकार बना ली है। नीतीश कुमार ने महागठबंधन को तोड़ते हुए एनडीए के साथ मिलकर फिर से मुख्मंत्री की शपथ भी ले ली है। नीतीश अबतक आरजेडी के साथ सरकार चला रहे थे, अब वह बीजेपी के साथ मिलकर सरकार चलाएंगे। इस पर सीएम योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने पर रविवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभकामनाएं दी हैं। सीएम योगी ने अपने एक्स एकाउंट पर बिहार में नवगठित सरकार को शुभकामनाएं देते हुए नीतीश कुमार और दोनों डिप्टी सीएम को भी बधाई दी है।
सीएम योगी ने लिखा है, नीतीश कुमार को बिहार राज्य के मुख्यमंत्री और सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। पूर्ण विश्वास है कि बिहार में बनी डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में सेवा, सुशासन और विकास के उत्कृष्ट मानक स्थापित करेगी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को एक्स के माध्यम से बिहार के घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ये भाजपा का लोकसभा चुनाव हारने की आशंका से पैदा हुई हताशा का नतीजा है, जिसने साजिश करके एक भावी प्रधानमंत्री को अपने साथ मिलाकर मुख्यमंत्री के पद तक ही सीमित कर दिया। बिहार का हर निवासी अगला वोट बिहार के सम्मान को बचाने और भाजपा को हराने के लिए डालेगा।भाजपा ने बिहार की जनता का अपमान किया है और जनमत का भी। जनता इस अपमान का जवाब भाजपा गठबंधन को लोकसभा का चुनाव हराकर देगी।
वही INDIA गठबंधन की अहम सहयोगी पार्टी कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश में ‘आया राम-गया राम’ जैसे कई लोग हैं।