महाराष्ट्र: बुधवार को महाराष्ट्र में नगर पंचायत चुनावों में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। वहीं, कांग्रेस के लिए जारी हुए नतीजे कई खुशखबरियां लाई हैं। लातूर जिले की चार नगर पंचायत और नांदेड़ की तीन नगर पंचायत के चुनाव नतीजों में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया है।
एक अधिकारी ने कहा कि नांदेड़ में माहुर, अर्धापुर और नायगांव नगर पंचायत में 51 सीटों के लिए मतदान हुआ था जिनमें से कांग्रेस ने 33 सीटें जीती हैं। नायगांव नगर पंचायत में कांग्रेस ने सभी 17 सीटें जीती हैं। इसके अलावा अर्धापुर में 17 में से 10 सीटें जीतने के बाद पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया।
भारतीय जनता पार्टी ने नांदेड़ में कुल तीन और लातूर में 14 सीटों पर जीत हासिल की। भाजपा ने अर्धापुर में दो सीटों पर विजय हासिल की। नांदेड़ की माहुर नगर पंचायत का मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। यहां 17 में से छह सीटों पर कांग्रेस, सात पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और तीन पर शिवसेना ने विजय प्राप्त की। भाजपा को एक सीट पर जीत मिली।
उधर लातूर में चार नगर पंचायतों (हर एक में 17 सीटें) में 68 सीटों पर मतदान हुआ था। लातूर में भाजपा और राकांपा ने 14-14 सीटें जीती। लेकिन सबसे ज्यादा 23 सीटें कांग्रेस को मिलीं, शिवसेना और प्रहार को छह-छह सीटों पर जीत मिली। निर्दलीय उम्मीदवारों ने चार सीटों पर जीत दर्ज की। महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी सरकार में चिकित्सा शिक्षा मंत्री अमित देशमुख लातूर और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण नांदेड़ का प्रतिनिधित्व करते हैं। देशमुख और चव्हाण दोनों ही कांग्रेस के विधायक हैं।
