मोहल्ला क्लीनिक: राजधानी दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने दिल्लीवालों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए एक बार फिर मोहल्ला क्लीनिक खोलने की कार्रवाई तेज करने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में दिल्ली सरकार राजधानी में 100 और मोहल्ला क्लीनिक शुरू करने जा रही है। गौरतलब है कि दिल्ली में वर्तमान में 519 मोहल्ला क्लीनिक है, जहां लोगों को 212 प्रकार के टेस्ट व सभी बेसिक दवाइयां सहित सभी प्रकार की प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं नि:शुल्क प्रदान की जाती है।
इन मोहल्ला क्लीनिकों का निर्माण कार्य अंतिम दौर में चल रहा है। इस बाबत उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग व पीडब्ल्यूडी के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन क्लीनिकों की शुरुआत जल्द से जल्द की जाए।
इस मौके पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली का मोहल्ला क्लीनिक मॉडल देश ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में प्राथमिक स्वास्थ्य प्रणाली का शानदार व अनूठा मॉडल है। इस कड़ी में हर दिल्लीवासियों तक प्राथमिक स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं की आसानी से पहुंच कराने के लिए जल्द ही 100 नए मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए जा रहे है।
सभी मोहल्ला क्लीनिकों को डिजिटलाइज्ड करने का काम भी तेजी से चल रहा है और बहुत से मोहल्ला क्लीनिक पूरी तरह से डिजिटलाइज्ड हो चुके है। इनमें टेबलेट के माध्यम से मरीजों व उसकी बीमारी से जुडी जानकारियां एकत्र की जाती है। उन्होंने कहा कि मोहल्ला क्लीनिक किसी भी बीमारी का पता लगाने का पहला पॉइंट है, इनके डिजिटलाइज्ड होने से यहां आने वाले डेटा का प्रयोग दिल्ली में किसी भी स्थान पर किसी बीमारी के पनपने से पहले ही उसका निदान करने के लिए किया जाएगा।