यूपी: पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने अहम बैठक की। इस दौरान चुनाव आयोग ने रैली और रोड शो पर लगी पाबंदी को 31 जनवरी तक बढ़ा दिया है। कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए आयोग ने ये पाबंदियां लगाई है। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच चुनाव आयोग ने लापरवाही बरतने के मामले में हुई शिकायतों पर स्वत संज्ञान लिया और तीन जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी- जिलाधिकारी और दो जिलों के पुलिस अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया।
चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीएम मानवेंद्र सिंह को हटा दिया है। उनकी जगह शिवाकांत द्विवेदी अब बरेली के नए जिलाधिकारी होंगे। मानवेंद्र सिंह एसीओ नोएडा बनाए गए हैं। फिरोजाबाद से चंद्र विजय सिंह हटाए गए हैं, उन्हें मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का एमडी बनाया गया है। उनके स्थान पर सूर्यपाल गंगवार फिरोजाबाद के नए जिलाधिकारी तैनात किए गए हैं। सूर्यपाल गंगवार एमडी मध्यांचल विद्युत वितरण निगम थे।
कानपुर जिलाधिकारी विशाख जी.को भी हटा दिया है, मुख्यमंत्री से निकटता होने की वजह से उनका स्थानांतरण किया गया है। कानपुर में उनका कार्यकाल मात्र 121 दिन का रहा। उनकी जगह पर नेहा शर्मा को कानपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वे रविवार को आकर कार्यभार संभालेंगी। कानपुर जिलाधिकारी के रूप में नियुक्त होने से पहले विशाख जी. मुख्यमंत्री कार्यालय में नियुक्त थे। विशाख जी फिर मुख्यमंत्री के विशेष सचिव बनाए गए हैं।