गोवा विधानसभा चुनाव 2022: गोवा में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले इस पार्टी से उस पार्टी मे जाने का खेल तेज हो गया है। इसी क्रम में भाजपा विधायक कार्लोस अल्मेडा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। अल्मेडा ने विधानसभा की सचिव नम्रता उल्मान को अपना त्यागपत्र सौंपा। अल्मेडा भाजपा के दूसरे विधायक हैं, जिन्होंने पार्टी छोड़ दी। वैसे बीते कुछ सप्ताहों में सात विधायकों ने विधानसभा से इस्तीफे दे दिए हैं।
अल्मेडा गोवा की वास्को सीट से भाजपा विधायक थे। मंगलवार को उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी छोड़ने के साथ ही विधायक पद भी छोड़ दिया। भाजपा छोड़ने वाले वे दूसरे विधायक हैं। अल्मेडा ने कहा कि उन्हें दाजी साल्कर के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र में काम करने को कहा गया है, जिनके खिलाफ उन्होंने धोखाधड़ी का केस दायर कराया था।
अल्मेडा से पहले लुइज़िन्हो फलेरियो, रवि नाइक, एलेक्सो रेजिनाल्डो लौरेंको (सभी कांग्रेस से), जयेश सालगांवकर (गोवा फॉरवर्ड पार्टी), रोहन खुंटे (निर्दलीय) और अलीना सल्दान्हा (भाजपा) विधानसभा से इस्तीफा दे दिया।
