अयोध्या: अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है। राम मंदिर उद्घाटन के बाद अयोध्या में भक्तों का तांता लग रहा है। अब अयोध्या के नव्य-दिव्य-भव्य मंदिर में विराजित श्रीरामलला के दर्शन की चाह रखने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खुशखबरी हैं। अयोध्या आने वाले लोग अब क्रूज की सेवा का आनंद ले सकेंगे, क्योंकि रामनगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अब जल्द ही सरयू की लहरों पर गरुण क्रूज तैरता नजर आएगा। यह क्रूज अयोध्या पहुंच चुका है। कोरिया पार्क में सुरक्षित रखा गया है।
बताया जा रहा है कि गिरिजा बैराज से जल्द ही पानी छोड़ा जाएगा, जिससे जलस्तर बढ़ेगा। इसके बाद गरुण को नदी में उतारा जाएगा। गरुण क्रूज को नीदरलैंड में निर्मित वोल्वो पेंटा डबल इंजन से संचालित किया जाएगा। सरयू नदी का जलस्तर कम होने के चलते जलविहार के लिए बड़ी बोट के संचालन में दिक्कत आ रही है। सोमवार को सरयू का जलस्तर 88.15 मीटर रहा। करीब 100 सेमी पानी के जलस्तर में इजाफा होने के बाद क्रूज का संचालन करने में आसानी होगी।
क्रूज संचालन से सरयू के घाटों से श्रद्धालु अयोध्या की महिमा निहार सकेंगे। क्रूज संचालन के लिए सरयू का जलस्तर बढ़ने का इंतजार है। 125 यात्रियों की क्षमता का क्रूज आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। क्रूज की लंबाई 60 फीट, चौड़ाई 17 फीट व ऊंचाई 24 फीट है। यह क्रूज सात जनवरी को अयोध्या आ गया था।