India

झारखंड: आज पावन भूमि देवघर के लिए ऐतिहासिक दिन, आज से दिल्ली-देवघर फ्लाइट शुरु, पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद उड़ाएंगे विमान

झारखंड: भगवान शिव के पवित्र महीने श्रावण में झारखंड स्थित ज्योतिर्लिंग बैद्यनाथ को वायुमार्ग से जोड़ने के लिए हाल ही में शुरू किए गए देवघर एयरपोर्ट पर उड़ानें शुरू हो चुकी हैं। आज पावन भूमि देवघर में शनिवार का दिन ऐतिहासिक होने वाला है। क्योंकि आज राजधानी दिल्ली से भी देवघर हवाई मार्ग से जुड़ जाएगा। देवघर की भूमि पर नवनिर्मित हवाई पट्टी पर पूर्व केंद्रीय मंत्री यात्रियों के साथ विमान उड़ाते हुए नई दिल्ली से देवघर पहुंचेंगे।

भाजपा सांसद कैप्टन राजीव प्रताप रूडी आज इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6191 को दिल्ली से देवघर लेकर जाएंगे। यह दिल्ली-देवघर की पहली उड़ान होगी। इंडिगो की यह फ्लाइट शनिवार दोपहर 1 बजे रवाना होगी और 2.45 बजे देवघर एयरपोर्ट पर उतरेगी। इस विमान में रूडी के साथ कैप्टन आशुतोष शेखर भी विमान का संचालन करेंगे। यह दिल्ली से देवघर की पहली व्यावसायिक उड़ान होगी।

हर साल लाखों पर्यटक देवघर में बाबा बैजनाथ के दर्शन को आते हैं। सावन माह में यहां लाखों शिव भक्त पहुंचते हैं। देवघर एयरपोर्ट से झारखंड के अलावा बिहार के पड़ोसी जिलों को भी सुविधा होगी। भविष्य में देवघर एयरपोर्ट पूर्वी भारत के महत्वपूर्ण एयरपोर्ट्स में से एक होगा। भाजपा सांसद रूडी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि बाबा बैद्यनाथ के लिए दिल्ली से देवघर की फ्लाइट लेकर आने का मौका मिला।

इसी माह 12 तारीख को पीएम नरेंद्र मोदी ने देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। 5 मई 2018 को एयरपोर्ट की आधारशिला रखी गई थी। यह 400 करोड़ रुपये की लागत से चार साल में बनकर तैयार हुआ।

Most Popular

To Top