यूपी चुनाव 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा के चौथे चरण में करहल के बूथ संख्या- 266 प्राथमिक विद्यालय जसवंतपुर पर पुनर्मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। पुनर्मतदान में जसवंतपुर के मतदाताओं ने पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मतदाताओं के उत्साह के चलते यहां 75.83 प्रतिशत वोट पड़े। मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। 20 फरवरी को इसी बूथ पर कुल 72.50 फीसदी वोट पड़े थे।
जसवंतपुर स्थित मतदेय स्थल संख्या 266 पर बुधवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। कुल 1113 में से 844 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल 75.83 प्रतिशत मतदान यहां हुआ। 20 फरवरी को इस बूथ पर 807 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। पुनर्मतदान में पूरी प्रक्रिया की वेबकास्टिंग की गई।
पुलिस के साथ ही अर्धसैनिक बल के जवान मतदान केंद्र पर तैनात रहे। शाम को मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ईवीएम को नवीन मंडी स्थित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया गया। जसवंतपुर करहल विधानसभा क्षेत्र में आता है। विधानसभा सीट पर सपा से राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और भाजपा से केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल चुनाव मैदान में हैं।
जसवंतपुर स्थित मतदेय स्थल संख्या 266 पर बुधवार को सुबह सता बजे से मतदान शुरू हो गया था। इसके लिए मंगलवार देर शाम तक पोलिंग पार्टी पहुंच गई। पुनर्मतदान के दौरान भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरी मतदान प्रक्रिया की वेबकास्टिंग के साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट मौजूद थे। इसके साथ-साथ अर्धसैनिक बल और पुलिस बल तैनात किया गया था।