लोकसभा उप चुनाव: उत्तर प्रदेश में दो सीटों पर होने वाले लोकसभा उप चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। लोकसभा उप चुनाव के लिए 23 जून को मतदान होगा। 26 जून को लोकसभा उप चुनाव का रिजल्ट जारी किया जाएगा।
भाजपा ने यूपी में लोकसभा की दो सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए आजमगढ़ सीट पर भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ उम्मीदवार होंगे। वह 2019 के लोकसभा चुनाव में भी इसी सीट से लड़े थे पर अखिलेश यादव से हार गए थे। वह फिर से मैदान में हैं।
भाजपा ने रामपुर लोकसभा सीट पर घनश्याम लोधी को उम्मीदवार बनाया है। घनश्याम लोधी सपा के विधान परिषद सदस्य रह चुके हैं। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हुए थे। सपा आजमगढ़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए पूर्व सांसद बलिहारी बाबू के पुत्र सुशील आनंद को प्रत्याशी बना सकती है।
पार्टी अभी तक इस सीट पर डिंपल यादव अथवा रमाकांत यादव को मैदान में उतारने की तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि रमाकांत ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया और उन्होंने बदली सियासी परिस्थितियों को देखते हुए पार्टी नेतृत्व के सामने यहां से दलित उम्मीदवार उतारने का प्रस्ताव रखा है। इस पर बलिहारी बाबू के बेटे सुशील का नाम पहले स्थान पर लिया जा रहा है। बलिहारी बामसेफ के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी का कहना है कि जल्द ही सूची सार्वजनिक की जाएगी। कई नामों पर विचार चल रहा है।
