महाराष्ट्र: महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आवास ‘मातोश्री’ के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने के एलान को लेकर पुलिस ने निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा को 23 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। दंपती पर देशद्रोह और विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
विवाद में घिरीं निर्दलीय सांसद नवनीत राणा व उनके विधायक पति रवि राणा आज दिल्ली जा रहे हैं। वे वहां पीएम नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर महाराष्ट्र के अफसरों द्वारा जेल में उनके साथ बुरे बर्ताव की शिकायत करेंगे। राणा दंपति ने कहा कि उन्होंने कोर्ट की कोई अवमानना नहीं की है। राणा दंपती को 4 मई को एक विशेष कोर्ट ने जमानत दी है। जमानत शर्तों के रूप में कोर्ट ने कहा है कि जमानत के दौरान वे ऐसा अपराध दोबारा नहीं करें, प्रेस को संबोधित न करें व इस केस के बारे में मीडिया से बात न करें।
5 मई को जेल से रिहा होने के बाद नवनीत राणा को मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके वकील ने तब कहा था कि उन्हें हाई ब्लड प्रेशर की, बदन दर्द व स्पॉन्डिलाइटिस की शिकायत है। रविवार को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। उधर, मुंबई पुलिस ने सोमवार को विशेष अदालत में एक अर्जी दायर कर सांसद राणा और विधायक रवि राणा की जमानत रद्द करने की मांग की। पुलिस ने कहा कि दंपती ने जमानत शर्तों में से एक का उल्लंघन किया है, इसलिए उनकी जमानत रद्द की जाए।