पंजाब चुनाव 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी ने सभी पार्टियों को पीछे छोड़ते हुए एतिहासिक जीत दर्ज की। 117 विधानसभा सीटों में से 92 सीटें जीतकर आम आदमी पार्टी अब पंजाब में सरकार बनाने जा रही है। पार्टी की ओर से घोषित मुख्यमंत्री पद के दावेदार भगवंत मान जीत के अगले ही दिन दिल्ली में पार्टी के संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने पहुंचे।
भगवंत मान पूरे जोश में आते ही केजरीवाल के पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं। इसके बाद केजरीवाल उन्हें उठाकर जोर से गले लगा लेते हैं। दोनों की यह मुलाकात जोश से भरी रही। कई सेकंड तक केजरीवाल मान की पीठ थपथपाते हुए उन्हें गले लगाए रहे। इसके बाद पास खड़े मनीष सिसोदिया भगवंत मान से मिले। सिसोदिया ने भी भगवंत मान को गले लगा लिया। इस दौरान भगवंत मान के साथ आए अन्य विधायकों ने भी केजरीवाल और सिसोदिया से मुलाकात की।
भगवंत सिंह मान बुधवार 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले 12 मार्च शनिवार को पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इसके साथ ही भगवंत मान ने शुक्रवार देर शाम विधायक दल की बैठक भी बुला ली है। भगवंत मान 16 मार्च को नवांशहर के गांव खटकड़ कलां में शहीद-ए-आजम भगत सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
