Uttar Pradesh

यूपी: अयोध्या दुष्कर्म मामले में रेप पीड़िता को डॉक्टरों की एक टीम के साथ लखनऊ मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

अयोध्या: अयोध्या के पूरा कलंदर थानाक्षेत्र में घटी शर्मनाक घटना में रेप केस की पीड़िता को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जिला महिला अस्पताल में भर्ती दुष्कर्म पीड़िता को संसाधनों के अभाव में अग्रिम इलाज के लिए केजीएमयू रेफर कर दिया गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एंबुलेंस से सीएमओ डॉ. संजय जैन पीड़िता को लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुए हैं। पीड़िता के साथ डॉक्टरों की एक टीम को भी भेजा गया है।

भदरसा दुष्कर्म कांड की पीड़िता हैवानियत की शिकार होकर गर्भवती हो गई है। उसे इलाज के लिए महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन यहां विशेषज्ञ व आवश्यक संसाधनों की कमी के कारण चिकित्सकों ने उसके बेहतर इलाज के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजने की संस्तुति की थी। सीएमओ डॉ. संजय जैन सुबह से अस्पताल परिसर में मौजूद रहे। कई राउंड की मंत्रणा और बाल कल्याण समिति के निर्देश पर उन्होंने बालिका को लखनऊ के लिए रेफर कराया है।

बता दें कि पुलिस ने 30 जुलाई को 12 साल की एक लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में अयोध्या जिले के भदरसा में बेकरी चलाने वाले मोइद खान और उसके कर्मचारी राजू खान को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, मोइद खान और राजू खान ने दो महीने पहले लड़की से कथित तौर पर बलात्कार किया था और इस कृत्य को रिकॉर्ड भी किया था। चिकित्सा जांच में लड़की के गर्भवती होने की बात सामने आने के बाद मामले का खुलासा हुआ था। अयोध्या जिला प्रशासन ने गत शनिवार को मोइद खान की बेकरी को ध्वस्त कर दिया था। प्रशासन का आरोप है कि यह बेकरी तालाब को पाटकर बनाई गई थी।

इधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया है कि मोइद खान समाजवादी पार्टी (सपा) का सदस्य है और फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद की टीम का हिस्सा है। उसे 12 साल की बच्ची के साथ बलात्कार में शामिल पाया गया है। फिर भी समाजवादी पार्टी ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top