यूपी चुनाव 2022: पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों का एलान हो चुका है। चुनाव की तिथियां घोषित होने के बाद सियासी हलचलें और भी तेज हो गईं हैं। राजनीतिक बयानबाजी से नेता एक-दूसरे पर निशाना साध रहे। सभी पार्टियां एक के बाद एक बड़े चुनावी वादे कर रहे हैं, इसी तरह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाथ में गेहूं और चावल लेकर संकल्प लिया है कि जिन लोगों ने किसानों को गाड़ी से कुचला उन्हें सत्ता से बेदखल करेंगे।
किसानों पर अत्याचार करने वालों को हराएंगे। उन्होंने यह संकल्प सपा कार्यालय में किसानों की मौजूदगी में लिया।अखिलेश यादव ने वादा किया कि प्रदेश में सपा सरकार आई तो सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जाएगा। गन्ना किसानों को 15 दिन में भुगतान किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो इसके लिए फार्मर्स रिवॉल्विंग फंड बनाएंगे। इसी तरह 300 यूनिट बिजली फ्री होगी और मुफ्त सिंचाई की सुविधा मिलेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में आने पर किसानों पर लगे सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे और जिन किसानों ने आंदोलन के दौरान जान गंवाई उनके परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा हर वो काम करेगी जिससे किसानों में खुशहाली आए। उन्होंने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि किसानों की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई? खाद समय से नहीं मिल रही है। किसान परेशान हैं और जिन लोगों ने किसानों को कुचलकर मार दिया उन्हें संरक्षण दिया।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि हम भाजपा द्वारा घोषणा पत्र जारी करने के बाद अपना घोषणा पत्र जारी करेंगे। भाजपा को बताना चाहिए कि उन्होंने अभी तक कितने स्मार्ट सिटी बनाएं? सपा के घोषणा पत्र में किसानों व युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं करेंगे।