अखिलेश का तंज: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुये कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को भाजपा ने चंद पूंजीघरानों के पास बंधक बना दिया है। जनता कंगाल होकर कराह रही है जबकि अमीर हर रोज समृद्धि और सम्पन्नता के नए शिखर छू रहे हैं। यूपी अब हर क्षेत्र में पिछड़ता ही चला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस, बिजली एवं खाद्य तेल व वस्तुओं समेत सभी घरेलू सामान महंगे हो गए हैं। परिवारों का औसत खर्च 4 माह में 43 प्रतिशत बढ़ गया हैं। बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों की दवाई कराना आमजन के लिए मुश्किल हो गया है।
भाजपा राज में जनता भीषण गर्मी में झुलस रही है। डबल इंजन सरकार बिजली भी नहीं दे पा रही है। शहर से गांव तक अघोषित बिजली कटौती से हाहाकार मचा है। भाजपा राज में पिछले पांच साल में एक बिजलीघर नहीं बना। अपराध लगातार बढे़ हैं।
उन्होंने कहा कि अब तक गेहूं खरीद का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) भी तय नहीं है। पांच बड़ी कंपनियों ने किसानों से गेहूं खरीद लिया और अपने गोदामों में भंडारण कर लिया। अब वे महंगा आटा बेचेंगे अखिलेश बोले, जनता की बुनियादी समस्याओं की ओर भाजपा सरकार का कोई ध्यान नहीं है। जबकि सपा जन समस्याओं के लिए संघर्षशील रही है।