गणतंत्र दिवस: आज देश के 75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर तिरंगा फहराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सबसे पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने झंडारोहण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगे झंडे के रंग के गुब्बारों को खुले आसमान में मुक्त किया। इस मौके पर परेड, झांकी प्रदर्शन के साथ साथ विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए।
मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस स्वाधीनता सेनानियों के त्याग व बलिदान का स्मरण कराने के साथ हमें संविधान के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अमृत काल का विशिष्ट कालखंड हमें आत्मचिंतन करने तथा महान देशभक्तों के सपने व लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रतिबद्ध होने का अवसर भी प्रदान करता है।
इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारत ने आजादी की अपनी एक लंबी लड़ाई के उपरांत स्वतंत्र भारत में अपना स्वयं का संविधान लागू किया। 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के बाद इस वर्ष हम सब अपने गणतंत्र का अमृत वर्ष मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के महान स्वतंत्रता सेनानियों, संविधानविदों और विशेषज्ञों के अनुसार हमने देश में संविधान लागू किया, जो पिछले 74 वर्षों से भारत में जाति, धर्म, संप्रदाय, क्षेत्र या अन्य तमाम अवरोधों को समाप्त करते हुए पूरी तरह कसौटी पर खरा उतरा है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के साथ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी है।
कला-संस्कृति व खेलकूद के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन व काम करने वालों को 26 जनवरी शुक्रवार को राजभवन में सम्मानित किया जाएगा। संस्कृति और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजभवन में दोपहर तीन बजे से अलंकरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में कला-संस्कृति के क्षेत्र में काम करने वाले स्वायत्तशासी संस्थाओं के विभिन्न विधाओं से जुड़े 16 महानुभावों को पुरस्कृत किया जायेगा। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी व मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ होंगे।
