UP Election 2022: यूपी चुनाव 2022 में चुनावी हलचल लगातार बढ़ती जा रही है। यूपी चुनाव का समय पास आते-आते हर दिन नए समीकरण देखने को मिल रहे हैं इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बलरामपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली पर तंज कसते हुए कहा कि यूपी में भाजपा जनता की रैली नहीं कर पा रही है।
अखिलेश यादव सपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि ये सरकारी रैलियां हो रही हैं। जिलाधिकारी को भीड़ लाने के लिए पैसे मांगने पड़ रहे हैं। सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर भीड़ इकट्ठा की जा रही है। भाजपा यूपी में जनता की नहीं बल्कि सरकारी रैलियां कर रही है। लोग परेशान हैं वो प्रदेश में योगी नहीं योग्य सरकार चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी, कहां हैं वो किसान जिनकी आय दोगुनी हुई? वो परियोजना से ज्यादा खर्च विज्ञापन पर करते हैं। वो कहते हैं कि युवाओं को नौकरियां मिल रही हैं जबकि युवा बेरोजगार हैं। उनके वादे झूठे हैं। कहां हैं वो युवा जिनको नौकरियां मिल गई हैं?
सपा सरकार में युवाओं को लैपटॉप दिए गए थे। भाजपा सरकार में उन पर लाठीचार्ज हुआ है। सपा ने गरीबों को लोहिया आवास दिया था पर भाजपा ने किसानों को घरों से निकाला और उन पर गाड़ी चढ़ा दी। सपा विकास की राजनीति करती है और भाजपा नाम बदलने की।