वाराणसी: वाराणसी के बीएचयू अस्पताल प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। बीएचयू अस्पताल में अब पैरामेडिकल स्टाफ, परिचर्या अधिकारी (नर्सिंग आफिसर) और एमटीएस, सेनेटरी स्टाफ डयूटी के दौरान स्मार्ट फोन का प्रयोग नहीं कर सकेंगे। उनको की-पैड वाले मोबाइल का प्रयोग करना होगा। इस तरह का आदेश चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी कर दिया गया है।
यह भी चेतावनी दी है कि अनधिकृत रुप से स्मार्ट फोन का प्रयोग करते पाए जाने पर गंभीर प्रशासनिक कार्यवाही के लिए कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। उधर अस्पताल के कर्मचारियों में इस तरह के आदेश को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इसकी कॉपी कुलपति को छोड़ सभी अधिकारियों, विभागाध्यक्षों और प्रभारी को भेजी गई हैं।
बता दें कि अस्पताल में बड़ी संख्या में पैरामेडिकल स्टाफ मरीजों की सेवा में लगे रहते हैं। इसमें नर्सिंग स्टाफ भी शामिल हैं। अचानक हुए इस आदेश को लेकर अस्पताल में काम करने वाले सहायक कुलसचिव एवं प्रशासनिक अधिकारी विश्वजीत साहा की ओर से जारी इस आदेश में कहा गया है कि डयूटी के दौरान केवल एक्टिंग नर्सिंग सुपरीटेंडेंट, डिप्टी नर्सिंग सुपरीटेंडेंट, असिस्टेंट नर्सिंग सुपरीटेंडेंट, सीनियर नर्सिंग आफिसर इंचार्ज ही अस्पताल के जरूरी कामों के लिए स्मार्ट फोन का इस्तेमाल कर सकेंगे. इनके अलावा किसी को भी ड्यूटी के वक्त स्मार्ट फोन इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं है।