गोरखपुर: लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में तेज हुई सियासी हलचल के बीच दूसरे दलों से भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं का सिलसिला शुरू हो गया है। इस कड़ी में गोरखपुर नगर निगम के 12 पार्षदों ने भाजपा का दामन थाम लिया है। लखनऊ स्थिति भाजपा प्रदेश कार्यालय पर दोनों डिप्टी सीएम और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में इन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में समाजवादी पार्टी के विश्वजीत त्रिपाठी सोनू, निर्दल पार्षद असद गुफरान, अरविंद, रीता, सतीश चंद, सरिता यादव, मीना देवी, छोटेलाल, दिनेश उर्फ शालू, जयंत कुमार, बबलू गुप्ता उर्फ छट्टी लाल, भोला निषाद, माया देवी, समीना (बसपा) सौरभ विश्वकर्मा शामिल रहे। इसमें विश्वजीत त्रिपाठी सपा से कार्यकारिणी सदस्य भी हैं।
अब कार्यकारिणी में भाजपा के दस पार्षद हो जायेंगे। ऐसे में अब भाजपा के 56 पार्षद नगर निगम में हो गए। विश्वजीत त्रिपाठी ने फोन पर ही अपनी और अन्य सदस्यता की पुष्टि की। कहा, डबल इंजन की सरकार में ही देश और प्रदेश का असली विकास संभव है। आपको बता दें कि भाजपा लोकसभा चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी भाजपा ने बीते चुनाव में हारी 144 सीटों पर उम्मीदवार तय कर लिए हैं। बिहार, महाराष्ट्र, पंजाब और आंध्र प्रदेश की कुछ सीटों को छोड़ कर पार्टी ने बाकी सीटों के लिए उम्मीदवारों का पैनल भी तैयार कर लिया है। विपक्षी गठबंधन पर मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल करने के लिए पार्टी इसी महीने उम्मीदावारों की पहली सूची जारी कर सकती है।
