यूक्रेन- रूस युद्ध: वरुण गांधी पिछले काफी समय से विभिन्न मुद्दों पर अपनी ही सरकार पर हमला करते आ रहे हैं। इस बार यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को लेकर पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद वरुण गांधी ने अपनी ही पार्टी की सरकार पर एक बार फिर हमला किया है। उन्होंने कहा कि इन छात्रों की सुरक्षित वापसी इन पर कोई उपकार नहीं बल्कि हमारा दायित्व है। हर आपदा में अवसर नहीं खोजना चाहिए।
भाजपा सांसद वरुण गांधी ने सोमवार को कहा कि, ‘सही समय पर सही फैसले न लिए जाने के कारण 15 हजार से अधिक छात्र भारी अव्यवस्था के बीच अभी भी युद्धभूमि में फंसे हुए है। ठोस रणनीतिक और कूटनैतिक कार्यवाही कर इनकी सुरक्षित वापसी इन पर कोई उपकार नहीं बल्कि हमारा दायित्व है। हर आपदा में ‘अवसर’ नही खोजना चाहिए।’
वरुण द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में यूक्रेन में फंसी एक लड़की बोल रही है कि हमें यूक्रेन की सीमा पर आने के लिए कहा गया है, जो यहां से 800 किमी दूर है। भारतीय दूतावास पर संपर्क करने पर वो फोन काट रहे हैं। लड़की ने कहा कि उसकी कोई मदद नहीं की जा रही है। उसने अपील की है कि उसे जल्द से जल्द वहां से निकाला जाए।