यूपी: उत्तर प्रदेश की जेलों में बंद उन कैदियों के लिए राहत भरी खबर है, प्रदेश की विभिन्न जेलों से बुधवार को 135 कैदियों को रिहा किया जाएगा। ये वे कैदी हैं जो अर्थदंड जमा न कर पाने के कारण लंबे समय से बंद हैं। कारागार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। कहा है कि इन कैदियों को मानवीय आधार पर रिहा करने का फैसला किया गया है।
उन्होंने जेलों में सुबह गायत्री मंत्र या महामृत्युंजय मंत्र का पाठ करने, प्रवचन और सत्संग का आयोजन करने पर विचार करने को कहा है। उन्होंने कारागार विभाग से संबंधित शिकायतों को दर्ज करने के लिए एक टोल फ्री नंबर जारी करने को कहा। जेलों में कैदियों से मुलाकात की ऑफलाइन व्यवस्था को धीरे-धीरे खत्म कर उन्होंने ऑनलाइन व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। कैदियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इससे कैदी अच्छी गुणवत्ता के उत्पाद बना सकेंगे जिनकी बाजार में अच्छी कीमत मिल सकेगी।
मंत्री ने कहा कि विभाग से संबंधित कोई भी कर्मी कभी उनसे मुलाकात कर अपनी बात कह सकता है। उन्होंने जेल विभाग में मिट्टी के बर्तनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने को कहा। उन्होंने विभाग के 100 दिन की कार्ययोजना में अधिकारियों के सुझावों को शामिल करने का आश्वासन दिया।