महराजगंज पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पीड़ित को 1,90,000 रुपये की धनराशि वापस दिलाई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार, परसौनी थाना चौक निवासी मो. सर्फुद्दीन से साइबर अपराधियों ने ईमो और स्नैपचैट के माध्यम से संपर्क कर कनाडा की टेफ्सिको कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। ठगों ने उनसे विभिन्न खातों में कुल 3,51,000 रुपये मंगवा लिए थे।
मामले की जांच साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सजनू यादव के नेतृत्व में की गई। पहले चरण में 1,61,000 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए गए थे। शेष धनराशि की जांच में पता चला कि 1,90,000 रुपये पश्चिम बंगाल से जुड़े एक खाते में ट्रांसफर हुए थे, जिसका धारक सुमन मंडल है, जो बांग्लादेश सीमा से सटे क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस टीम ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय से आदेश प्राप्त किया और संबंधित बैंक शाखा से संपर्क कर 24 घंटे के भीतर 19 फरवरी 2026 को शेष 1,90,000 रुपये भी पीड़ित के खाते में वापस करा दिए।
इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सजनू यादव, कांस्टेबल अर्जुन पासवान और कांस्टेबल पियुषनाथ तिवारी की अहम भूमिका रही।
महराजगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी या अन्य किसी भी लालच में आकर अंजान लोगों को पैसे ट्रांसफर न करें और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
